Maharajganj Times

Maharajganj road accident : नर्सरी की रखवाली कर रहे दो किसानों को रौंदा पिकअप, एक की मौत, दूसरा घायल

Maharajganj
Sunday, 22 Jun, 2025
0
731

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- चौक थाना क्षेत्र के सिहुली परसा गांव में शनिवार की रात दर्दनाक हादसे में एक किसान की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों किसान धान की नर्सरी की रखवाली कर रहे थे कि तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप वाहन ने उन्हें रौंद दिया। मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी बहादुर गोंड़ (58) और शहामत अली (56) वनटांगिया मार्ग स्थित अपने खेत पर धान की नर्सरी की देखरेख कर रहे थे। देर रात थककर दोनों सड़क किनारे ही सो गए। इसी दौरान पिपरिया की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें कुचल दिया और चालक मौके से फरार हो गया। बहादुर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि शहामत अली घायल हालत में खेत में पड़ा तड़पता रहा। पूरी रात वह मदद की आस में दर्द सहता रहा, लेकिन अंधेरे और सुनसान इलाके के कारण किसी को भनक नहीं लगी। रविवार सुबह करीब 5 बजे जब गांव के कुछ लोग टहलने निकले, तो सड़क किनारे बहादुर का शव देखकर शोर मचाया। आवाज सुनकर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पाकर चौक थाना क्षेत्र के हल्का दरोगा पंकज सिंह मौके पर पहुंचे और घायल शहामत को तत्काल जिला अस्पताल भेजवाया। थानाध्यक्ष राम चरन सरोज ने बताया कि अज्ञात वाहन का सुराग लगाने की कोशिश की जा रही है। घायल व्यक्ति को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है इलाज चल रहा है।

<